गाड़ियों से मौके पर उतरवाई गई अवैध काली फिल्म, यातायात पुलिस समेत नगर, ट्रांस हिंडन और ग्रामीण जोन में चला विशेष चेकिंग अभियान
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाने के लिए गाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शुक्रवार 15 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस अभियान के दौरान काली फिल्म लगाकर वाहन चलाने वालों और सड़कों पर खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच कर मौके पर ही अवैध काली फिल्म उतरवाई और मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत चालान किए। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, अभियान के तहत प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी, जो वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म लगाकर चलते हैं या सड़क पर खतरनाक स्टंट कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं।
1,125 चालान, 982 वाहनों से उतरवाई गई काली फिल्म
विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 982 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई, जबकि काली फिल्म वाले वाहनों के विरुद्ध 969 चालान किए गए। वहीं, खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के विरुद्ध 156 चालान किए गए। पुलिस की ओर से कुल 1,125 चालान किए जाने की जानकारी दी गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखना हैं।
जोनवार कार्रवाई का विवरण
गाज़ियाबाद कमिश्नरेट के नगर, ट्रांस हिंडन और ग्रामीण जोन के साथ यातायात पुलिस ने भी अभियान में कार्रवाई की।
नगर जोन: 262 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई। काली फिल्म वाले वाहनों के 222 चालान और स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के 37 चालान किए गए। कुल 259 चालान हुए।
ट्रांस हिंडन जोन: 207 वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई। काली फिल्म वाले वाहनों के 207 और स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के 37 चालान किए गए। कुल 244 चालान किए गए।
ग्रामीण जोन: 169 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई। काली फिल्म वाले वाहनों के 139 चालान और स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के 61 चालान किए गए। कुल 200 चालान हुए।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद: 344 वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई। काली फिल्म वाले वाहनों के 401 चालान और स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के 21 चालान किए गए। कुल 422 चालान किए गए।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में नियमों के विरुद्ध काली फिल्म का इस्तेमाल न करें और सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी से बचें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने से न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोग भी गंभीर खतरे में पड़ सकते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India