![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर एवं पुलिस बल के साथ थाना मोदीनगर और थाना निवाड़ी क्षेत्र के कांवड़ शिविरों तथा कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी ग्रामीण ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन पूरी तरह सक्रिय एवं उपलब्ध रहें।
![]()
डीसीपी सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए उन्हें पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखा जाए ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं को लेकर व्यापक स्तर पर निगरानी की जा रही हैं, जिससे लाखों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनाई जा सके।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








