
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना लोनी परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसीपी लोनी रामकिशन राना एवं प्रभारी निरीक्षक लोनी योगेंद्र सिंह ने की। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न कांवड़ समितियों, कांवड़ शिविर आयोजकों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से समन्वय बनाकर कार्य करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की।

एसीपी रामकिशन राना ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व हैं और इसे शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि शिविरों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस टीम पूरी तरह तैयार रहेगी। बैठक में कांवड़ समिति एवं शिविर संचालकों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि पुलिस एवं समाज के सहयोग से कांवड़ यात्रा को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। बैठक के अंत में सभी आयोजकों से अपील की गई कि वे अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








