![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। जनपद गाज़ियाबाद में शनिवार को पीएमश्री योजना के अंतर्गत स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी संचालन और विद्यार्थियों तक आधुनिक शिक्षण संसाधनों की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओ. पी. यादव ने की। प्रशिक्षण कार्यशाला में iDream Education के विषय विशेषज्ञ प्रज्वल कुमार और राजेश ने शिक्षकों को डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन, ई-लर्निंग सामग्री के प्रभावी उपयोग, विद्यार्थियों में पठन संस्कृति विकसित करने तथा विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला में जनपद के चयनित पीएमश्री विद्यालयों के शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी की। इनमें पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय बागरानप से नीरव शर्मा एवं मधु, कंपोजिट विद्यालय मोरटी से अर्चना एवं अंजली, तथा कंपोजिट विद्यालय सुहाना और कंपोजिट विद्यालय सारा के नामित शिक्षक शामिल रहे। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षण संसाधनों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को विद्यालय स्तर पर लागू करने और विद्यार्थियों में डिजिटल शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीएमश्री योजना के तहत डिजिटल लाइब्रेरी का सफल संचालन शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक समृद्ध, रोचक और प्रभावी बनाएगा। प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों ने भी इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए अपने-अपने विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। यह प्रशिक्षण कार्यशाला पीएमश्री विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








