किसान दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, सीडीओ कुमार सौरभ ने एक सप्ताह में शिकायतों के निस्तारण के दिए निर्देश

SHARE:


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने उर्वरक उपलब्धता, सड़क मरम्मत, प्रदूषण और अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने बताया कि पिछली किसान दिवस बैठक में प्राप्त 31 शिकायतों में से 22 का निस्तारण हो चुका हैं, जबकि 9 मामलों की रिपोर्ट अभी संबंधित विभागों से प्राप्त होनी बाकी हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने इन लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।

उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा

भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह ने सहकारी समितियों में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण से जुड़ी समस्याएं उठाईं। इस पर सहकारिता विभाग के प्रतिनिधि ने बताया कि जिले की सभी समितियों में यूरिया, डीएपी और एनपीके उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जिला कृषि अधिकारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में 6416.170 मीट्रिक टन यूरिया, 1899.120 मीट्रिक टन डीएपी और 338.140 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक हैं। किसानों से उर्वरकों से संबंधित किसी भी समस्या के लिए 0120-4914646 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की गई।

सड़क मरम्मत और प्रदूषण का मुद्दा उठा

किसान सदाकत अली (छोटे चौधरी) ने मेरठ एक्सप्रेसवे के नीचे ग्राम रसूलपुर सिकरोड़ा स्थित पुलिया और सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया। इस पर लोक निर्माण विभाग ने बताया कि मरम्मत कार्य जारी है और इसे एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, किसान चौधरी दक्ष नागर ने लोनी क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त समिति लगातार निरीक्षण कर रही हैं। दिसंबर 2025 से अब तक 338 प्रदूषणकारी इकाइयों की बिजली काटकर उनकी उत्पादन गतिविधियां बंद कराई जा चुकी हैं।

रबी बीजों की ऑनलाइन बुकिंग और ई-लॉटरी की जानकारी

बता दें कि बैठक में किसानों को रबी सत्र 2026-27 के लिए अनुदानित बीजों की ऑनलाइन बुकिंग और ई-लॉटरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। • तोरिया: बुकिंग 2 जुलाई से 16 अगस्त, ई-लॉटरी 17 अगस्त। • चना, मटर, मसूर, राई, सरसों और अलसी: बुकिंग 10 जुलाई से 10 सितंबर, ई-लॉटरी 11 सितंबर। • गेहूं और जौ: बुकिंग 10 जुलाई से 30 सितंबर, ई-लॉटरी 1 अक्टूबर। किसानों को बताया गया कि वे कृषि विभाग की वेबसाइट या अपने निकटतम राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर निःशुल्क मिनीकिट एवं अनुदानित बीजों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

150 से अधिक किसानों ने लिया भाग

बैठक में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी बिजेन्द्र सिंह, मनोज नागर, राजवीर सिंह सहित 150 से अधिक किसानों ने भाग लिया। इसके अलावा विद्युत, सिंचाई, गन्ना, लोक निर्माण, नगर निगम, पशुपालन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा कार्रवाई रिपोर्ट भेजने से पहले उसका स्वयं परीक्षण किया जाए, ताकि किसानों के हितों का प्रभावी संरक्षण हो सके।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें