‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ में गाज़ियाबाद पुलिस की बड़ी भागीदारी, 12 हजार पौधे लगाने का लिया संकल्प

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ अभियान के तहत रविवार को पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद ने वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ चलाए जा रहे इस अभियान में गाजियाबाद पुलिस ने वर्ष 2026 के लिए 12 हजार पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया हैं। पुलिस लाइन्स, सभी थाना परिसरों और विभिन्न पुलिस कार्यालयों में एक साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके लिए पूर्व में ही आवश्यक संख्या में पौधों का आवंटन कर दिया गया था, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

पुलिस लाइन्स गाज़ियाबाद के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस आयुक्त ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध), सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की शपथ भी ली। अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य की आधारशिला भी हैं।

अभियान के तहत छायादार, फलदार और औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया कि लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और रखरखाव किया जाए, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को पूरा कर सकें। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद ने इस अवसर पर आम नागरिकों से भी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

पुलिस का कहना हैं कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान सफल होगा और हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य साकार किया जा सकेगा।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें