
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गाज़ियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों एवं मालवाहक संगठनों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था/यातायात) के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने की। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, यातायात निरीक्षकगण, विभिन्न ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के पदाधिकारी, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी तथा मालवाहक संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। गोष्ठी का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शहर को जाम की समस्या से बचाना था।

कांवड़ यात्रा के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए चिह्नित कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। ट्रांसपोर्टर्स को ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक रूट प्लान का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
लाल कुआं पर रोजाना लागू रहेगी नो-एंट्री
यातायात पुलिस ने बताया कि शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल लाल कुआं पर प्रतिदिन शाम के समय भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था अब नियमित यातायात प्रबंधन का हिस्सा होगी ताकि ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।
कांवड़ यात्रा के दौरान और सख्ती
अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाल कुआं क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार अन्य व्यस्त समय (पीक ऑवर्स) में भी भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी, जिससे कांवड़ियों को सुरक्षित और निर्बाध मार्ग उपलब्ध कराया जा सके।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि कोई ट्रक, डंपर, ट्रेलर या अन्य भारी वाहन निर्धारित नो-एंट्री समय अथवा प्रतिबंधित मार्ग पर संचालित पाया गया तो उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी जुर्माना लगाया जाएगा तथा आवश्यक होने पर वाहन को सीज भी किया जाएगा।
ट्रांसपोर्टर्स की समस्याएं भी सुनी गईं
गोष्ठी के दौरान ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने अपनी व्यावहारिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। यातायात पुलिस ने सभी सुझावों और समस्याओं पर सकारात्मक विचार करने तथा उचित समाधान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
नागरिकों से सहयोग की अपील
गाज़ियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने सभी नागरिकों, व्यापारियों एवं ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों से अपील की हैं कि आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन का पूरा सहयोग करें और जारी किए गए यातायात नियमों एवं रूट डायवर्जन का पालन करें। यातायात संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए नागरिक गाज़ियाबाद ट्रैफिक पुलिस के X हैंडल @Gzbtrafficpol तथा यातायात कंट्रोल रूम नंबर 9643322904 का उपयोग कर सकते हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








