गाज़ियाबाद में नशे के खिलाफ सख्ती, स्कूलों के आसपास नशे की दुकानों पर रहेगा कड़ा पहरा

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देशन में एडीएम सिटी विकास कश्यप की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम सिटी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों के आसपास किसी भी प्रकार की शराब, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। उन्होंने कहा कि स्कूलों के आसपास नशे से जुड़ी दुकानों का संचालन नियमों का उल्लंघन हैं और इससे विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता हैं। ऐसे मामलों में संबंधित विभाग नियमित निरीक्षण करें और उल्लंघन मिलने पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। श्रावण मास को देखते हुए एडीएम सिटी ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और ड्रग ट्रैफिकिंग के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद की अंतर्राज्यीय सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा इंटेलिजेंस तंत्र को मजबूत कर ड्रग माफियाओं के खिलाफ समन्वित कार्रवाई की जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य, पुलिस, नारकोटिक्स सेल, ड्रग विभाग, शिक्षा विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अस्पतालों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएं। स्कूलों में वाद-विवाद, चित्रकला, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। बैठक में कोडीन युक्त दवाओं की अवैध खरीद-फरोख्त पर प्रभावी रोक लगाने और संबंधित विभागों द्वारा की जा रही कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नारकोटिक्स सेल, खाद्य विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग, यातायात विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें