जलभराव पर डीएम का एक्शन: नाले के संकरा होने की होगी जांच, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

SHARE:


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। विजयनगर क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने संबंधित अधिकारियों के साथ मुख्य नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाले के एक हिस्से को संकरा किए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। निरीक्षण में पाया गया कि प्रताप विहार, केला भट्टा, सेक्टर-11 और कैलाश नगर का वर्षा जल जिस मुख्य नाले से निकलता हैं, उसका पिछला हिस्सा पर्याप्त चौड़ा हैं। लेकिन, प्रतीक ग्रैंड सोसाइटी के नए टावरों के निर्माण के दौरान नाले के एक हिस्से को संकरा कर उसमें छोटे पाइप डालकर जल निकासी की व्यवस्था कर दी गई, जबकि आगे का नाला अपनी मूल चौड़ाई में खुला हुआ हैं।

इसी कारण वर्षा जल का प्रवाह बाधित हुआ और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछा कि नाले की चौड़ाई कम करने की अनुमति किस स्तर पर दी गई और इस पर समय रहते निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी अधिकारी, संस्था या संबंधित पक्ष के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने नगर निगम, गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण और आवास विकास परिषद के अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था का तकनीकी परीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भविष्य में बारिश के दौरान जलभराव की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कार्य तत्काल शुरू किए जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आधारभूत ढांचे की नियमित निगरानी करने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें