![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे दो दिवसीय विशेष सत्यापन एवं सर्च अभियान के तहत शनिवार को थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने किया। पुलिस द्वारा यक्ष एप के माध्यम से क्षेत्र के शातिर एवं गंभीर अपराधियों की पहचान कर उनका भौतिक सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान डीसीपी ग्रामीण, सहायक पुलिस आयुक्त लोनी एवं अंकुर विहार, थाना प्रभारी सहित पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस टीमों ने पूरे क्षेत्र में सघन चेकिंग करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, सदोष मानव वध, बलवा, चोरी, लूट, गौवध तथा अन्य गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। यक्ष एप के माध्यम से उनके निवास, गतिविधियों और जमानत की शर्तों का सत्यापन किया गया।
![]()
1211 अपराधियों का किया गया सत्यापन
अभियान के तहत थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में कुल 1211 अपराधियों का सत्यापन किया गया। इनमें— हिस्ट्रीशीटर – 88, हत्या के आरोपी – 29, लुटेरे – 59, चोर – 370, स्नैचर – 61, दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ के आरोपी – 40 और अन्य अपराधी – 564 शामिल हैं।
![]()
अभियान का उद्देश्य
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य गंभीर अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखना, सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत करना तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना हैं। लोनी बॉर्डर क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए अन्य राज्यों एवं जनपदों से आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर भी विशेष नजर रखी गई। इसके अलावा मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों की आवाजाही और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भी अभियान चलाया गया। पुलिस का कहना हैं कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे। डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








