||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना नंदग्राम पुलिस टीम ने हत्या के एक गंभीर मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की हैं। आरोपी की पहचान प्रदीप शर्मा पुत्र सोमदत्त शर्मा, निवासी डी-563, नंदग्राम, थाना नंदग्राम, गाज़ियाबाद, उम्र 48 वर्ष के रूप में हुई हैं।
आपको बता दें कि 2 जून 2025 को वादी अविनाश सिरोही पुत्र गजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम शामी हाफिजपुर, जनपद हापुड़ ने थाना नंदग्राम में तहरीर दी थी कि उनके साले राहुल डागर व आशीष डागर के साथ होटल की साझेदारी में लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी विवाद को लेकर आरोपियों ने राहुल डागर व वादी पर मारपीट की और राहुल डागर पर पिस्टल से गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में राहुल को यशोदा अस्पताल, संजय नगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, बचाव में आए आशीष डागर को भी गोली मारी गई, जिन्हें घायल अवस्था में सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस की कार्यवाही:
दरअसल, घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना नंदग्राम पुलिस ने तत्परता से मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की। सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की सहायता से 6 जून 2025 को दो आरोपियों को घटना में प्रयुक्त असलहों सहित गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था।
इसी क्रम में मंगलवार को हत्या के मामले में फरार चल रहे प्रदीप शर्मा को मुखबिर की सूचना पर हिंडन मेट्रो स्टेशन से रोटरी गोलचक्कर जाने वाले मार्ग पर हिंडन विहार कट के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अहम खुलासे:
पुलिस पूछताछ में प्रदीप शर्मा ने खुलासा किया कि मृतक राहुल डागर, आरोपी नागेंद्र, मनीष और रितेश बिंदल उर्फ लाला के साथ हल्द्वानी (उत्तराखंड) स्थित होटल ‘शिवा पैलेस’ में साझेदारी में कारोबार करता था। पैसों के लेन-देन और ब्याज को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।
दरअसल, 1 जून की रात करीब 9 बजे आरोपीगण राजनगर एक्सटेंशन स्थित हारमनी पॉइंट सोसायटी के छठे फ्लोर पर मौजूद थे, जहां बैठकर शराब पी जा रही थी। इसी दौरान नागेंद्र ने राहुल डागर को फोन कर हारमनी पॉइंट बुलाया। जब राहुल वहां पहुंचा, तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। मोहित और नागेंद्र ने उस पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी। बचाव में आए आशीष डागर पर भी गोली चलाई गई। पुलिस द्वारा सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही हैं तथा अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









