
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना सिहानीगेट पुलिस टीम द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार शातिर वाहन चोर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 11 मोटर साइकिलें बरामद की गई हैं। दरअसल, यह कार्रवाई 26 दिसंबर की मध्य रात्रि में लोहिया नगर व पटेल नगर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध वाहन/व्यक्ति चेकिंग, गश्त एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान की गई। पुलिस द्वारा की गई बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना सिहानीगेट पर धारा 317(2), 317(4), 317(5), 3/5 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया हैं। अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित हैं।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों, अंधेरी गलियों, पार्किंग स्थलों, फ्लैट सोसायटी के बाहर, बाजारों, अस्पतालों व रोड साइड पार्किंग में खड़ी मोटर साइकिलों को निशाना बनाते थे। अभियुक्त पहले रेकी करते थे और 30 से 60 सेकेंड में लॉक तोड़कर हॉट-वायरिंग के जरिए बाइक चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वे तुरंत रूट बदलकर वाहन दूसरे क्षेत्रों में ले जाते थे और मोटर साइकिल की स्थिति व मॉडल के अनुसार 5,000 से 10,000 रुपये में बेच देते थे। अभियुक्तों ने अपने आर्थिक लाभ, शौक, व्यक्तिगत खर्च, नशे की पूर्ति व आसान पैसे कमाने के लालच में अपराध करना स्वीकार किया हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अभियुक्तों द्वारा पूर्व में नोएडा, कविनगर व क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र से करीब 20 मोटर साइकिलें चोरी कर बेची जा चुकी हैं।
मैकेनिक की भूमिका
अभियुक्त फूल सिंह (मैकेनिक) द्वारा इंजन व चेसिस नंबर घिसकर मिटाना, फर्जी नंबर प्लेट लगाना, हैंडल लॉक व इग्निशन बदलकर नई चाबी तैयार करना तथा कुछ वाहनों के पुर्जे अलग-अलग बेचने की बात स्वीकार की गई हैं।
बरामदगी का विवरण
अभियुक्तों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की कुल 11 मोटर साइकिलें (बुलेट व स्प्लेंडर) बरामद की गई हैं, जिनमें गाज़ियाबाद, गौतमबुद्धनगर, दिल्ली व अन्य जनपदों से संबंधित चोरी के मुकदमों में पंजीकृत वाहन शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
पुलिस को पकड़े गए आरोपियों की पहचान वंश पुत्र सोहनपाल, निवासी ग्राम भूड़गढ़ी, थाना मसूरी, गाज़ियाबाद, दूसरे की गजराज पुत्र नाथूराम, निवासी सी-ब्लॉक, गोविंदपुरम, थाना कविनगर, तीसरे की सोनू उर्फ विशाल पुत्र कुंवरपाल, निवासी पूठना, थाना नंदग्राम और चौथे की फूल सिंह पुत्र दरियाई सिंह, निवासी नूरनगर सिहानी, थाना नंदग्राम के रूप में हुई हैं।
आपराधिक इतिहास
• अभियुक्त सोनू उर्फ विशाल के विरुद्ध थाना नंदग्राम पर लूट का एक अभियोग पंजीकृत हैं। • अभियुक्त वंश के विरुद्ध थाना नंदग्राम पर अपहरण का एक अभियोग पंजीकृत हैं। • अभियुक्त फूल सिंह व गजराज के विरुद्ध पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं पाया गया।
पुलिस टीम
पूरी कार्रवाई थाना सिहानीगेट पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









