
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में नियुक्त उपनिरीक्षकगण को वित्तीय रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, सिहानी गेट में Investment एवं Finance Management विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षित निवेश विकल्प, बचत योजनाएं, बैंकिंग उत्पाद, डिजिटल बैंकिंग, बीमा, पेंशन योजनाएं तथा भविष्य की आर्थिक योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वित्तीय साक्षरता प्रदान करना, उन्हें सही आर्थिक निर्णय लेने में सक्षम बनाना तथा दीर्घकालीन वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। बैंक अधिकारियों ने यह भी बताया कि किस प्रकार नियमित आय से संतुलित निवेश कर भविष्य को सुरक्षित किया जा सकता हैं और वित्तीय धोखाधड़ी से कैसे बचाव किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी उपनिरीक्षकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों ने सरल, व्यावहारिक एवं उदाहरणों के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी एवं संवादात्मक रहा। इस अवसर पर विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, कमिश्नरेट के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस कर्मियों के व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जीवन को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उनके आर्थिक सशक्तिकरण एवं कार्यक्षमता में वृद्धि करने में सहायक सिद्ध होते हैं। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा पुलिस कर्मियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









