![]()

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के पुलिस लाइन परिसर में प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध) केशव कुमार चौधरी द्वारा की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन, समयपालन, शारीरिक दक्षता, व्यवहारिक ज्ञान तथा कानून के व्यावहारिक अनुप्रयोग से संबंधित विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण के दौरान किन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है तथा किन त्रुटियों से बचा जाना चाहिए, ताकि भविष्य में बेहतर, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जा सके।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षी सम्मानित
सम्मेलन के दौरान तीन माह की अवधि में इन्डोर विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य अन्य प्रशिक्षुओं का मनोबल बढ़ाना एवं उन्हें कर्तव्यनिष्ठा तथा समर्पण के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करने हेतु प्रेरित करना रहा।
अनुशासन और जनसेवा को सर्वोपरि रखने का आह्वान
सम्मेलन के अंत में सभी रिक्रूट आरक्षियों से अनुशासन, ईमानदारी एवं जनसेवा को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया गया तथा यह आशा व्यक्त की गई कि प्रशिक्षण उपरांत वे जनता की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने हेतु दिशा-निर्देश
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) द्वारा आईटीआई एवं पीटीआई को प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाए जाने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, समयपालन, शारीरिक एवं मानसिक दक्षता, व्यवहारिक ज्ञान तथा पुलिस कार्यप्रणाली के व्यावहारिक पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आईटीआई एवं पीटीआई की भूमिका रिक्रूट आरक्षियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, अतः प्रशिक्षण को उच्च मानकों के अनुरूप, सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण में संचालित किया जाना चाहिए, जिससे कर्तव्यनिष्ठ, जनसंवेदनशील एवं कानून का पालन करने वाले सक्षम पुलिसकर्मी तैयार किए जा सकें।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइन दशरथ निमिष पाटील एवं अपर पुलिस उपायुक्त लाइन पीयूष सिंह भी उपस्थित रहे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









