![]()
अवैध तमंचा, कारतूस, लूटे गए कुंडल व वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। ट्रांस हिंडन जोन अंतर्गत थाना टीलामोड़ पुलिस टीम ने बुधवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान स्नैचिंग व लूट की घटनाओं में वांछित दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया हैं। मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया हैं। पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन व कुशल पर्यवेक्षण में थाना टीलामोड़ पुलिस टीम द्वारा स्नैचिंग व लूट की घटनाओं की रोकथाम हेतु कोयल एन्कलेव के पास भोपुरा से लोनी जाने वाले मार्ग पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक पल्सर मोटर साइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों अभियुक्त रुकने के बजाय मोटर साइकिल मोड़कर सर्विस रोड की ओर भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अभिषेक उर्फ गोली उर्फ मोहित के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, उसके साथी को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा व छीने गए 2 पीली धातु के कुंडल सहित वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटर साइकिल भी बरामद की हैं।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
एसीपी शालीमर गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सोमवार” यानि 15 दिसंबर 2025 को थाना टीलामोड़ क्षेत्र के हर्ष विहार-2 में एक महिला से टप्पेबाजी कर दो कुंडल चोरी किए थे। इसके अलावा करीब सात दिन पूर्व थाना इंदिरापुरम क्षेत्र से एक व्यक्ति का आईफोन 15 प्रो छीनकर जाफराबाद, दिल्ली में एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया था, जिसकी रकम मौज-मस्ती में खर्च कर दी गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
बता दें कि अभिषेक उर्फ गोली उर्फ मोहित पुत्र सतीश
निवासी – तांगा स्टैंड के पास, नंदनगरी, थाना नंदनगरी, दिल्ली (मुठभेड़ में घायल) हुआ हैं, तो वहीं दूसरे आरोपी मनोज पुत्र रामकिशोर निवासी प्रताप नगर मंडोली, थाना हर्ष विहार, दिल्ली को भी गिरफ्तार किया गया हैं।
आपराधिक इतिहास
अभियुक्त अभिषेक उर्फ गोली के विरुद्ध दिल्ली व गाज़ियाबाद एनसीआर में लूट, चोरी व स्नैचिंग के 3 दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। तो वहीं, अभियुक्त मनोज के विरुद्ध भी दिल्ली- गाज़ियाबाद एनसीआर में एक दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। फिलहाल, घायल अभियुक्त का उपचार कराया जा रहा है तथा दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









