लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम्स सोसायटी में साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम

SHARE:

पुलिस अधिकारियों ने निवासियों को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय, महिलाओं और युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। मुरादनगर क्षेत्र स्थित लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम्स सोसायटी में साइबर क्राइम, डिजिटल सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सोसायटी में रहने वाले लोगों को लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में एसीपी मसूरी सुनील भारद्वाज, थाना मुरादनगर पुलिस टीम तथा साइबर क्राइम प्रभारी अरविंद कुमार ने सोसायटी के निवासियों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं से संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध के बदलते तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क और सावधान रहने की अपील की।

संदिग्ध लिंक और अनजान कॉल से रहें सावधान

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके बैंक खातों और निजी जानकारी तक पहुंच बनाने का प्रयास करते हैं। ऑनलाइन खरीदारी, बैंकिंग, केवाईसी अपडेट, नौकरी, निवेश, लॉटरी, पुरस्कार तथा अन्य तरह के प्रलोभनों के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से विशेष रूप से सावधान रहने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और किसी व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड न करें। इसके साथ ही ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाते से संबंधित विवरण, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की गई। अधिकारियों ने यह भी समझाया कि बैंक या किसी सरकारी संस्था के अधिकारी बनकर फोन करने वाले व्यक्तियों के झांसे में आने से बचें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि नजर आने पर पहले उसकी सत्यता की जांच करें।

साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस से करें संपर्क

पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती हैं तो घबराने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में साइबर अपराध की शिकायत और सहायता के लिए उपलब्ध पुलिस तंत्र के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध में समय पर सूचना देना बेहद महत्वपूर्ण हैं। जितनी जल्दी पीड़ित पुलिस को घटना की जानकारी देगा, उतनी ही जल्दी संबंधित स्तर पर कार्रवाई की संभावना बढ़ेगी।

महिलाओं और युवाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस टीम ने सोसायटी की महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, धमकी अथवा अपराध की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध पुलिस सहायता के बारे में जानकारी देते हुए कहा गया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर हैं। युवाओं को भी सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक न करने तथा साइबर अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न तरीकों के प्रति सावधान किया गया।

एसीपी सुनील भारद्वाज और पुलिस टीम का किया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम्स एओए के अध्यक्ष अमित त्यागी तथा सोसायटी के निवासियों द्वारा एसीपी मसूरी सुनील भारद्वाज सहित पुलिस टीम का स्वागत किया गया। सोसायटी के लोगों ने पुलिस अधिकारियों द्वारा साइबर अपराध और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की सराहना की। एओए अध्यक्ष अमित त्यागी ने पुलिस अधिकारियों एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से आम नागरिकों को साइबर अपराध के प्रति सजग रहने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी मिलती हैं।

पुलिस और जनता के बीच संवाद को बताया महत्वपूर्ण

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक दौर में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ने के साथ साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को जागरूक और सतर्क रहना आवश्यक हैं। पुलिस टीम ने सोसायटी के निवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार के बुजुर्गों और बच्चों को भी साइबर सुरक्षा के नियमों की जानकारी दें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम्स सोसायटी में आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाने तथा साइबर अपराध के प्रति सामूहिक जागरूकता मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें