सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों से पुलिस ने घटना में संलिप्तता की पुष्टि की, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही/घटना से संबंधित कार्रवाई के दौरान वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और चश्मदीद गवाहों के बयानों को आधार बनाकर घटना में संलिप्त बाल अपचारियों की पहचान की गई।
अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को थाना लोनी बॉर्डर पर एक वादी ने तहरीर देकर बताया कि उसके पुत्र पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तहरीर के आधार पर थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने तत्काल धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।
सीसीटीवी और चश्मदीदों के बयानों से सामने आई अहम जानकारी
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही घटना के संबंध में चश्मदीद गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को घटना में तीन बाल अपचारियों की संलिप्तता सामने आई। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 105 बीएनएस की वृद्धि की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक तहरीर में नामजद जमुना पत्नी नवल सिंह, राकेश पुत्र विष्णु तथा नामजद नाबालिग की घटना में संलिप्तता विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों से सामने नहीं आई।
तीन बाल अपचारियों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को थाना लोनी बॉर्डर पुलिस टीम ने घटना में संलिप्त पाए गए तीनों बाल अपचारियों को अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया आलाकत्ल चाकू भी बरामद किया हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।
पूछताछ में बताई कहासुनी के बाद हमले की बात
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप कुमार मौर्य ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में बाल अपचारियों ने पुलिस को बताया कि रास्ते में जाते समय उनकी वादी के पुत्र से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बाल अपचारियों ने बताया कि कहासुनी के दौरान उनमें से एक बाल अपचारी को गुस्सा आ गया और उसने वादी के पुत्र पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आसपास लोगों को आता देखकर तीनों मौके से भाग गए। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि चाकू के हमले में घायल युवक की मृत्यु हो गई हैं।
अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच
पुलिस ने बताया कि तीनों बाल अपचारियों के विरुद्ध वर्तमान मामले के संबंध में थाना लोनी बॉर्डर पर एक अभियोग पंजीकृत हैं। पुलिस द्वारा उनके अन्य आपराधिक इतिहास के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही हैं।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
पूरे मामले के खुलासे और बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेने की कार्रवाई थाना लोनी बॉर्डर पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना हैं कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India
