डेटिंग ऐप पर दोस्ती, फिर क्लब में मुलाकात और लाखों की ठगी! गाज़ियाबाद क्राइम ब्रांच ने गिरोह के 4 सदस्यों को दबोचा

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। डेटिंग ऐप पर अनजान लोगों से दोस्ती करना दिल्ली-एनसीआर के कई लोगों के लिए महंगा साबित हुआ। गाज़ियाबाद क्राइम ब्रांच ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया हैं, जो Tinder, Happn और Twogether जैसे डेटिंग ऐप पर लड़कियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद उन्हें आरडीसी स्थित एक क्लब में बुलाकर कथित तौर पर भारी-भरकम बिल वसूलने और रकम न देने पर ब्लैकमेल करने का आरोप हैं। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में चार आरोपियों राहुल गुप्ता, मणिकान्त, मोहित और विशाल राजपूत को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक सुजुकी फ्रॉन्क्स कार बरामद की हैं।

पहले ऐप पर दोस्ती, फिर क्लब में बुलाने का खेल

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य डेटिंग ऐप पर लड़कियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल तैयार करते थे। चैटिंग के जरिए सामने वाले व्यक्ति से दोस्ती की जाती थी और इसके बाद मुलाकात के लिए उसे आरडीसी स्थित लॉर्ड ऑफ विंग्स क्लब में बुलाया जाता था। क्लब में पहुंचने के बाद अलग-अलग लड़कियों से मुलाकात कराई जाती थी। पुलिस के अनुसार वहां शराब, शैम्पियन, खाना, स्नैक्स और हुक्का समेत महंगे सामान के ऑर्डर कराए जाते थे।

वास्तविक खर्च से कई गुना अधिक बनाया जाता था बिल

पुलिस की पूछताछ के अनुसार, सामान का ऑर्डर होने के बाद ग्राहकों के सामने कई गुना अधिक रकम का बिल पेश किया जाता था। बिल देखकर यदि ग्राहक भुगतान करने में आनाकानी करता था तो कथित तौर पर उसे डराया-धमकाया जाता था। पुलिस का कहना हैं कि रकम नहीं देने की स्थिति में आरोपियों द्वारा वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और मोटी रकम वसूलने का भी तरीका अपनाया जाता था। वसूली गई रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

एक महीने से चल रहा था कथित नेटवर्क

एसीपी क्राइम अमित सक्सेना के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उक्त क्लब का संचालन करीब एक महीने से किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक इस दौरान कई लोगों को इसी तरह झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी की गई। क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना निशाना बनाया और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एक आरोपी पर पहले से भी मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मणिकान्त के खिलाफ कविनगर थाने में वर्ष 2024, 2025 और 2026 में ठगी व संबंधित धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही हैं। बता दें कि चारों आरोपी गाज़ियाबाद के थाना सिहानी गेट क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। क्राइम ब्रांच गाज़ियाबाद की इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब डेटिंग ऐप के जरिए चल रहे ऐसे अन्य संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें