||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। रामप्रस्थ कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की चोरी का थाना लिंक रोड पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी के बाद 25 से 30 लाख रुपये कीमत के आभूषण और अन्य सामान को झाड़ियों में छिपा दिया था। वह अंधेरे में चोरी का सामान निकालकर ले जाने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
CCTV और मैनुअल इनपुट से पुलिस पहुंची आरोपी तक
दरअसल, मामला 19 सितंबर 2026 का हैं। रामप्रस्थ कॉलोनी निवासी प्रदीप गुप्ता ने थाना लिंक रोड में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से अज्ञात चोर नकदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गया हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इनपुट के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम जानकारी मिली और 24 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
चोरी के बाद सामान छिपाकर रखा था
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अली मोहम्मद उर्फ अलीमुद्दीन (36) निवासी नई सीमापुरी, दिल्ली के रूप में हुई हैं। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने रामप्रस्थ कॉलोनी स्थित मकान से अकेले चोरी की थी। चोरी के बाद पुलिस से बचने के लिए उसने सामान को झाड़ियों के बीच एक खाली स्थान पर छिपा दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाद में अंधेरे के समय उस सामान को वहां से निकालकर ले जाने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
आभूषण, घड़ियां और चांदी के सामान समेत 29 हजार रुपये बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 29 हज़ार रुपये नकद के अलावा पीली और सफेद धातु के आभूषण, डायमंड वाले टॉप्स, अंगूठी, कड़े, पाजेब, पैर की चुटकी, सिक्के, घड़ियां और सफेद धातु के बर्तन बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही करीब 290 ग्राम पुराने सफेद धातु के आभूषण भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए पेचकस और सरिया भी बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये बताई गई हैं।
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
डीसीपी ट्रांस हिंडन रिज़ुल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गाज़ियाबाद और दिल्ली में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कुल 25 अभियोग दर्ज हैं। इनमें थाना लिंक रोड पर चोरी व आर्म्स एक्ट के 6, साहिबाबाद में चोरी के 2, निवाड़ी में चोरी का 1 और दिल्ली में विभिन्न आपराधिक मामलों के 16 मुकदमे शामिल हैं। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही हैं।
पुलिस की कार्रवाई
थाना लिंक रोड पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इनपुट और त्वरित कार्रवाई के जरिए चोरी की घटना का खुलासा किया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India
