||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। गणेश मूर्ति विसर्जन यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने गणेश मूर्ति विसर्जन यात्रा के दृष्टिगत मुरादनगर थाना क्षेत्र में गंगनहर के घाटों एवं विसर्जन मार्गों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। डीसीपी ग्रामीण ने एसीपी मसूरी एवं थानाध्यक्ष मुरादनगर के साथ गंगनहर स्थित विभिन्न घाटों तथा विसर्जन मार्गों का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।
सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से घाटों पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था पर जोर
गणेश मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए रूट डायवर्जन एवं यातायात प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि विसर्जन यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार रखें। पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि विसर्जन मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलिसकर्मियों की तैनाती कर यातायात को नियंत्रित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
गोताखोरों की तैनाती के दिए गए थे निर्देश
गंगनहर में मूर्ति विसर्जन को देखते हुए गोताखोरों की तैनाती को लेकर भी डीसीपी ग्रामीण ने आवश्यक निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीमें तैयार रहें। डीसीपी ग्रामीण ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गणेश मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा गणेश मूर्ति विसर्जन यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए घाटों और विसर्जन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लगातार परखा जा रहा हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India
