गाज़ियाबाद के लोनी में तनाव के बीच हनुमान चालीसा पाठ, कैब चालक से मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप

SHARE:

राशिद अली गेट के पास हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने किया हनुमान चालीसा का पाठ, पुलिस ने ड्रोन से की निगरानी; हाजी सलमान बोले—मेरे खिलाफ एकतरफा कार्रवाई, मैंने परिवार की सुरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस में कदम उठाया

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद/लोनी। गाज़ियाबाद के लोनी में पिछले कुछ दिनों से चल रहा विवाद रविवार को एक बार फिर चर्चा में आ गया। राशिद अली गेट के पास हिंदू रक्षा दल की ओर से हनुमान चालीसा पाठ और हवन का ऐलान किए जाने के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। संवेदनशील इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन के जरिए निगरानी की गई। हिंदू रक्षा दल की ओर से कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों से मौके पर पहुंचने की अपील की गई थी। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और नारेबाजी की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए और कार्यकर्ताओं को संवेदनशील क्षेत्र की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने सलाम होटल के पास हनुमान चालीसा का पाठ किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

2 सितंबर की मारपीट के बाद शुरू हुआ था विवाद

बताया जा रहा हैं कि पूरे विवाद की शुरुआत 2 सितंबर को हिंदू रक्षा दल से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ हुई कथित मारपीट के बाद हुई। संगठन की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई और विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी मामले के बाद सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हाजी सलमान का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा और धमकी देने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने इस प्रकरण में हाजी सलमान पर 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित किया हैं। पुलिस की ओर से विभिन्न आरोपों की जांच की जा रही हैं और कई नामजद तथा अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया हैं।

‘मैंने अपने घर और परिवार की सुरक्षा के लिए कदम उठाया था’

हाजी सलमान का दावा हैं कि जिस घटनाक्रम को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही हैं, उसमें उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस में कदम उठाया था। उनका कहना हैं कि एक व्यक्ति अगर अपने ऊपर या अपने परिवार पर आने वाले खतरे से बचाव करने का प्रयास करता हैं तो क्या यह अपराध हैं? हाजी सलमान का सवाल हैं कि क्या कानून में उसे भी इंसाफ पाने का अधिकार नहीं हैं। उनके अनुसार, उन्होंने जो भी किया वह परिस्थितियों के बीच अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया। हालांकि, उनके इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी। हाजी सलमान का कहना हैं कि वह जांच से बचना नहीं चाहते, बल्कि अपना पक्ष कानूनी तरीके से सामने रखना चाहते हैं। उनका दावा हैं कि उनके पास अपने पक्ष में कुछ साक्ष्य हैं, जिन्हें वह एकत्रित कर रहे हैं और उचित मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

हाजी सलमान का पक्ष—मेरे खिलाफ एकतरफा कार्रवाई हो रही
वहीं, पूरे मामले में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हाजी सलमान अपना पक्ष सामने रखने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना हैं कि उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया गया हैं और अब पुलिस ने उन पर 25 हज़ार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया हैं। हाजी सलमान का आरोप हैं कि पूरे मामले में उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जा रही हैं और उन्हें जानबूझकर इस प्रकरण में लपेटा जा रहा हैं। उनका कहना हैं कि वह अपने बचाव के लिए उपलब्ध साक्ष्य और तथ्य एकत्रित कर रहे हैं, ताकि पूरे मामले में अपना पक्ष जांच एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के सामने रखा जा सके। हाजी सलमान का कहना हैं कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मामले में दोनों पक्षों की बात सुनी जानी चाहिए।


कैब चालक से मारपीट और कार में तोड़फोड़ का मामला भी सामने आया

इसी बीच रविवार को लोनी में एक कैब चालक के साथ मारपीट और उसकी कार में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया। पीड़ित चालक का आरोप हैं कि कुछ लोगों ने उसके हाथ में बंधे कलावे को देखकर उसके साथ गाली-गलौज की और इसके बाद उसके साथ मारपीट की। आरोप हैं कि मारपीट के बाद कैब में भी तोड़फोड़ की गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। घटना से संबंधित फोटो और वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें, क्षतिग्रस्त कार दिखाई दें रही हैं। वहीं, चालक के कपड़ों पर खून के निशान और चोट के निशान दिखाई देने की बात भी सामने आई हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही हैं और घटना के पीछे शामिल लोगों तथा पूरे घटनाक्रम के तथ्यों को जुटाया जा रहा हैं।

राशिद अली गेट और आसपास भारी पुलिस बल तैनात

तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने राशिद अली गेट और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। लोनी तिराहे से राशिद अली गेट की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी पुलिस की निगरानी रही। सलाम होटल के पास पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं को आगे जाने से रोक लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं हनुमान चालीसा का पाठ किया। पुलिस ने ड्रोन उड़ाकर भी इलाके की निगरानी की, ताकि किसी भी प्रकार की भीड़, विवाद या अप्रिय गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।

ACP लोनी बोले—माहौल खराब करने वालों को नहीं बख्शेंगे

एसीपी लोनी रामकिशन राणा ने कहा कि पूरे मामले को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हैं। किसी भी व्यक्ति को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति माहौल खराब करने का प्रयास करेगा या कानून का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसीपी के अनुसार, हाजी सलमान और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया हैं। आरोपियों की तलाश में सर्विलांस समेत अन्य संसाधनों की मदद ली जा रही हैं। पुलिस का कहना हैं कि मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्रित किया जा रहा हैं तथा पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही हैं।


प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर एक दिन पहले भी हुआ था हंगामा

वहीं, इस विवाद के बीच शनिवार को भी लोनी बॉर्डर में एक रेस्टोरेंट में प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर हंगामा हुआ था। बताया गया कि पूर्व विधायक जाकिर अली, हाजी बाबू कुरैशी समेत कुछ लोग हाजी सलमान प्रकरण को लेकर बातचीत और प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए एक रेस्टोरेंट पहुंचे थे। रेस्टोरेंट प्रबंधन की ओर से आरोप लगाया गया कि बिना अनुमति प्रेस कॉन्फ्रेंस की जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी अपने समर्थकों के साथ रेस्टोरेंट पहुंच गए। विधायक के पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोग मौके से चले गए। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और दोनों पक्षों की शिकायतों को संज्ञान में लिया।


विधायक नंदकिशोर गुर्जर और दूसरे पक्ष के अलग-अलग आरोप

लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि हाजी सलमान के पक्ष में पहुंचे लोगों ने रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट की। विधायक ने हाजी सलमान पर कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने पूर्व में हिंदू रक्षा दल के एक कार्यकर्ता के साथ हुई मारपीट का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि एक पुलिसकर्मी की मदद से हाजी सलमान फरार हुआ। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई हैं। दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की ओर से विधायक नंदकिशोर गुर्जर और उनके समर्थकों पर भी मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार रेस्टोरेंट के मैनेजर और एक ग्राहक की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई हैं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच कर रही हैं।

लोनी में बढ़ते विवाद के बीच बड़ा सवाल—जांच निष्पक्ष होगी या आरोप-प्रत्यारोप जारी रहेंगे?

लोनी में पिछले कुछ दिनों से सामने आ रहे घटनाक्रम ने कानून-व्यवस्था और निष्पक्ष जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर हिंदू संगठन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, वहीं हाजी सलमान अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को गलत बताते हुए अपना पक्ष और साक्ष्य सामने रखने की बात कह रहे हैं। कैब चालक से मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ की घटना ने भी स्थिति को और संवेदनशील बना दिया हैं। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सभी शिकायतों और आरोपों की निष्पक्ष जांच करने की हैं। किसी भी पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों को जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही सही या गलत साबित किया जा सकेगा। फिलहाल, पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी हैं और अधिकारियों का कहना हैं कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हाजी सलमान का पक्ष: हाजी सलमान ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए कहा हैं कि वह अपना बचाव करने के लिए साक्ष्य जुटा रहे हैं और उनका दावा हैं कि संबंधित घटनाक्रम में उन्होंने अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस में कदम उठाया था। उनके इस दावे की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें