
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। रक्षाबंधन पर्व के शुभ अवसर पर ग्लोबल नवजीवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) कमिश्नरेट गाज़ियाबाद सुरेन्द्र नाथ तिवारी को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावनाओं को साझा किया। इस अवसर पर स्कूल की एनसीसी कैडेट एवं खिलाड़ी छात्राओं ने डीसीपी ग्रामीण की कलाई पर राखी बांधी। छात्राओं के इस स्नेहपूर्ण पहल से माहौल भावनात्मक और उत्साहपूर्ण हो गया। डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने सभी छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं से बातचीत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें उपहार भेंट कर अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अनुशासन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम ने पुलिस और छात्राओं के बीच अपनत्व, विश्वास तथा सामाजिक जुड़ाव की भावना को और मजबूत किया। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ बालिकाओं के सम्मान और उनके उत्साहवर्धन का भी संदेश देता नजर आया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India







