![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा लगातार कांवड़ यात्रा मार्गों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही हैं। इसी क्रम में राजकरन नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात द्वारा पुलिस बल के साथ मेरठ तिराहे का भ्रमण कर कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त द्वारा कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती तथा विभिन्न सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मौके पर व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
![]()
यात्रा मार्ग पर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। इसके लिए यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस आपसी समन्वय के साथ प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करें। उन्होंने बैरिकेडिंग एवं डायवर्जन व्यवस्था को निर्धारित योजना के अनुसार प्रभावी ढंग से लागू करने तथा आवश्यकता के अनुसार यातायात को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल द्वारा लगातार सतर्क निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता, प्रकाश एवं अन्य व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त रखने को कहा गया, ताकि शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
![]()
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपातकालीन सेवाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए तथा पुलिस, यातायात, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बना रहे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि सभी पुलिसकर्मी सतर्कता एवं अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें तथा कांवड़ियों, श्रद्धालुओं एवं आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें। किसी भी परिस्थिति में धैर्य एवं संयम बनाए रखते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।
![]()
पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ आमजन के आवागमन को भी सुगम बनाए रखना हैं। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा हैं। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही हैं और ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








