



||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना लोनी क्षेत्र में सलीम वास्तविक उर्फ वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के ईनामी बदमाश जीशान को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दें रही थी। जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 को सुबह करीब 8 बजे अली गार्डन निठौरा रोड निवासी सलीम वास्तविक पुत्र नूर हसन पर उसके कार्यालय में दो अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल सलीम का उपचार मैक्स अस्पताल में चल रहा हैं। इस संबंध में थाना लोनी पर मुकदमा अपराध संख्या 050/2026 धारा 109(1)/3(5) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था, बाद में विवेचना के दौरान धारा 333 बीएनएस की वृद्धि की गई। पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर अभियुक्त जीशान पुत्र बुनियाद अली निवासी कस्बा सैदनगली, जनपद अमरोहा (हाल निवासी मंगल बाजार, मदर इंडिया स्कूल के पीछे, खोडा, गाज़ियाबाद) तथा उसका भाई गुलफाम पुत्र बुनियाद अली का नाम प्रकाश में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 1 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पुनः लोनी क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर थाना लोनी पुलिस और स्वाट टीम देहात जोन ने निठौरा रोड रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी की। रात करीब 9:10 बजे निठौरा की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधा फायर कर दिया। तेज रफ्तार के कारण बाइक फिसल गई, जिसके बाद बदमाशों ने रेलवे अंडरपास के पास खाली प्लॉट की बाउंड्री की आड़ लेकर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। फायरिंग में हेड कांस्टेबल विपिन ठाकुर और कांस्टेबल सचिन कुमार घायल हो गए, जबकि थाना प्रभारी लोनी एवं उपनिरीक्षक नितिन चौधरी की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार हेतु 50 सैय्या अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। उसकी शिनाख्त जीशान पुत्र बुनियाद अली के रूप में हुई। दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी हैं। वहीं, मौके से पुलिस ने एक पिस्टल 32 बोर (मेड इन इटली), 6 जिंदा कारतूस, 8 खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर बाइक तथा सलीम पर हमले में प्रयुक्त खून से सना पेपर कटर बरामद किया हैं। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई थाना लोनी पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








