![]()

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के ट्रांस हिंडन जोन द्वारा 26 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक जोन के विभिन्न थानों में छात्र-छात्राओं के लिए थाना भ्रमण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत कराना तथा कानून एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। थाना इंदिरापुरम में 26 फरवरी, थाना शालीमार गार्डन में 27 फरवरी तथा थाना साहिबाबाद में 28 फरवरी को स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संबंधित क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त एवं प्रभारी निरीक्षकों ने विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका, सुरक्षा व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा आपातकालीन सेवाओं 112, 1090 एवं 181 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। भ्रमण के दौरान बच्चों को थाना परिसर के विभिन्न अनुभागों-मालखाना, कम्प्यूटर कक्ष, महिला सहायता कक्ष तथा CCTNS कक्ष-का अवलोकन कराया गया। साथ ही एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, दैनिक डायरी (GD) का संधारण, विवेचना संबंधी दस्तावेजों का प्रबंधन, बरामद माल के अभिलेखों का रख-रखाव एवं न्यायालय को भेजी जाने वाली रिपोर्ट की जानकारी विस्तार से दी गई। इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सुरक्षा संबंधी जागरूकता प्रदान की गई। विद्यार्थियों को सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता, आत्मरक्षा (Self Defence) के उपाय तथा अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा बिंदुओं पर भी मार्गदर्शन दिया गया। वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों- ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग और सोशल मीडिया हैकिंग- से बचाव के उपाय साझा करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, कानून के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना तथा उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








