गाज़ियाबाद पुलिस का अपराध के विरुद्ध सशक्त अभियान: सरिया चोर गिरोह के 4 शातिर सदस्य गिरफ्तार, 44,550 किलो चोरी का सरिया बरामद

SHARE:


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट टीम, अपराध शाखा एवं थाना वेवसिटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सरिया चोरी करने वाले संगठित गिरोह के 4 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 44,550 किलोग्राम चोरी का सरिया, 3 ट्रक-ट्रॉला (फर्जी नंबर प्लेट लगे), घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार, इलेक्ट्रॉनिक चिप, रिमोट, टेस्टिंग मशीन, सोल्डरिंग उपकरण, फर्जी बिल-बिल्टी समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

धर्मकांटे में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर करते थे हेराफेरी

बता दें कि थाना वेवसिटी क्षेत्र में निर्माणाधीन परियोजना वसुधैव कुटुम्बकम में सरिया चोरी का मामला प्रकाश में आया था। जांच में सामने आया कि कम्प्यूटरीकृत धर्मकांटे में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर वजन में हेराफेरी की जाती थी और सुनियोजित तरीके से सरिया चोरी किया जाता था। इस संबंध में थाना वेवसिटी पर अभियोग पंजीकृत किया गया था। इससे पूर्व भी इस मामले में एक कर्मचारी सहित अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी हैं।

मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी गिरफ्तार

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) ने प्रेस वार्ता में बताया कि 16 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर मेरठ मोड़ क्षेत्र से मुख्य अभियुक्त आफताब उर्फ अफजल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 2 मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चिप, रिमोट, सोल्डरिंग वायर, टेस्टिंग मशीन व 12 फर्जी बिल्टी बरामद हुईं। अभियुक्त की निशानदेही पर सिहानी गेट क्षेत्र से 3 ट्रक-ट्रॉला बरामद किए गए, जिनमें 44,550 किलो चोरी का सरिया लदा था। ट्रकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थीं।

पूछताछ में बड़ा खुलासा

पूछताछ में आरोपी आफताब ने बताया कि वह वर्ष 2006 से ट्रक संचालन के कार्य से जुड़ा रहा हैं। पूर्व में भी मसूरी, गभाना (अलीगढ़) आदि क्षेत्रों में सरिया लूट व चोरी के मामलों में जेल जा चुका हैं। वर्ष 2022 से उसने अपने साथियों माजिद, राशिद प्रधान व राजकुमार अधाना आदि के साथ मिलकर विभिन्न जनपदों- गाज़ियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अलीगढ़ व बुलंदशहर- में कम्प्यूटरीकृत धर्मकांटों में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर सरिया चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया। चोरी के सरिये से अर्जित धन से जमीन, मकान, ट्रक-ट्रॉला व चार पहिया वाहन खरीदे जाने की बात भी सामने आई हैं। पुलिस द्वारा संपत्ति के सत्यापन की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

वहीं, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आफताब उर्फ अफजल पुत्र दीन मोहम्मद निवासी मसूरी, गाज़ियाबाद (उम्र 36 वर्ष) दूसरे की शाहरूख पुत्र शहजाद निवासी बुलंदशहर (उम्र 21 वर्ष), तीसरे की नईम पुत्र नजर मोहम्मद निवासी धौलाना, हापुड़ (उम्र 24 वर्ष) और चौथे की वासिद पुत्र साहिल निवासी हापुड़ (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई हैं।

50,000 रुपये का नकद पुरस्कार घोषित

इस सफल कार्रवाई पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) द्वारा स्वाट टीम व थाना वेवसिटी पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु 50,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई हैं। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा स्पष्ट किया गया हैं कि संगठित अपराध में लिप्त गिरोहों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें