
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा 2025 के सुचारू संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु पुलिस आयुक्त गाज़ियाबाद द्वारा शनिवार को थाना क्षेत्र मुरादनगर (पाइपलाइन मार्ग) से लोनी बॉर्डर तक पड़ने वाले कांवड़ मार्ग एवं शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
पैदल गश्त व सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन
पुलिस आयुक्त ने लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कांवड़ मार्ग पर पैदल गश्त की और सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन आदि का प्रत्यक्ष जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी, अंकुर विहार, शालीमार गार्डन व संबंधित थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।
दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश:
● सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग को सीसीटीवी कैमरों से कवर कर लगातार मॉनिटरिंग की जाए। ● मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, मेडिकल सुविधा व पेयजल की नियमित जांच हो। ● यातायात का उचित डायवर्जन व नियंत्रण कर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को असुविधा से बचाया जाए। ● संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। ● मार्ग के विभिन्न स्थानों पर हेल्प डेस्क व फर्स्ट एड सेंटर की स्थापना की जाए। ● पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन, सेवा-भावपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार के निर्देश।
शिविरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण
पुलिस आयुक्त ने कांवड़ शिविरों में मौजूद सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और यातायात नियंत्रण का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के आसपास भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
थाना लोनी बॉर्डर का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने थाना लोनी बॉर्डर का दौरा किया और सीसीटीएनएस, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेखों, मालखाना, डाक ऑफिस आदि का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने थाना प्रभारी को निम्न निर्देश दिए:
जनसुनवाई नियमित रूप से करें, शिकायतकर्ताओं के साथ मृदुल व्यवहार रखें। ● थाना परिसर में साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, जल, प्रकाश व शौचालय सुविधा सुनिश्चित करें। ● सभी सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील हों और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रहे। ● रिकॉर्ड व दस्तावेज अपडेट एवं सुव्यवस्थित रखें।
पुलिस की प्रतिबद्धता
गाज़ियाबाद पुलिस कांवड़ यात्रा 2025 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए पूर्णत: कटिबद्ध हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









