


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। बुधवार को कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के पुलिस आयुक्त द्वारा नंदग्राम स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवचयनित आरक्षियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में गाज़ियाबाद पुलिस के उच्चाधिकारी- अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय), पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिण्डन/लाइन्स, नगर, ग्रामीण क्षेत्र के डीसीपी, अपर पुलिस उपायुक्त (प्रोटोकॉल व लाइन्स) सहित समस्त सहायक पुलिस आयुक्तगण मौजूद रहे। वहीं, कार्यक्रम की शुरुआत में गाज़ियाबाद कमिश्नरेट की पुलिसिंग प्रणाली पर आधारित एक संक्षिप्त डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रसारण किया गया, जिससे प्रशिक्षणरत आरक्षियों को आधुनिक पुलिस कार्यशैली की जानकारी दी गई। इसके उपरांत अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स द्वारा एक पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण से जुड़े दिशा-निर्देश साझा किए गए। इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षण में निहित मूल्यों को स्पष्ट करना, सेवा भावना को बढ़ावा देना, वास्तविक ड्यूटी की चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से तैयार करना तथा अनुशासन और नैतिकता जैसे मूल स्तंभों को मजबूत करना था। पुलिस आयुक्त ने अपने प्रेरणास्पद संबोधन में प्रशिक्षण को केवल प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक मूल्य आधारित यात्रा बताया। उन्होंने आरक्षियों से अपेक्षा जताई कि वे न सिर्फ कानून-व्यवस्था को कायम रखने वाले प्रहरी बनें, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सेवा भाव का परिचय देते हुए एक आदर्श पुलिसकर्मी के रूप में उभरें। यह संवाद कार्यक्रम प्रशिक्षणरत आरक्षियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से तैयार करने वाला और प्रेरणा से भरने वाला भी सिद्ध हुआ।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









