||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। शुक्रवार को कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने नगर जोन के थाना विजयनगर क्षेत्रान्तर्गत जलनिगम स्थित पिंक बूथ का औचक निरीक्षण किया। वहीं, निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिंक बूथ कार्यालय, हेल्प डेस्क तथा अभिलेखों की गहनता से जांच की और महिला सुरक्षा व सुविधा को लेकर अनेक अहम दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस आयुक्त ने महिला पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि पिंक बूथ पर आने वाली महिला शिकायतकर्ताओं के साथ मृदु व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनते हुए, त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिक केंद्रित (Citizen-Centric) पुलिसिंग को मजबूती मिल सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने निम्नलिखित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के आदेश दिए: पिंक बूथ परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, पीने के पानी व शौचालयों की उचित सुविधा उपलब्ध हो, सभी सीसीटीवी कैमरे कार्यशील स्थिति में हों और रिकॉर्डिंग का सुरक्षित रख-रखाव हो, लाइटिंग व जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था बनी रहे, दस्तावेजों और उपकरणों का उचित मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए। पुलिस आयुक्त द्वारा महिला सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अन्य कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी मौके पर दिए गए।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









