![]()
श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर बढ़ाया उत्साह, कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा; पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा हैं। कांवड़ यात्रा मार्गों पर लगातार पुलिस अधिकारियों द्वारा भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त द्वारा श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया गया। पुलिस आयुक्त महोदय ने श्रद्धालुओं का हालचाल जाना और उन्हें प्रसाद वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। पुलिस आयुक्त महोदय ने श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए उनकी कांवड़ यात्रा एवं धार्मिक यात्रा के संबंध में जानकारी ली तथा सभी शिवभक्तों की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। पुलिस आयुक्त द्वारा श्रद्धालुओं के प्रति अपनत्व एवं सहयोग की भावना के साथ पुलिस की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।
मननधाम मंदिर कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों का भव्य अभिनन्दन
इसके पश्चात पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा श्री मननधाम मंदिर कांवड़ मार्ग का भ्रमण किया गया। यहां बड़ी संख्या में गुजर रहे कांवड़ियों एवं शिवभक्तों का भव्य अभिनन्दन करते हुए उन पर पुष्पवर्षा की गई। पुष्पवर्षा के दौरान कांवड़ियों में उत्साह एवं उमंग का माहौल दिखाई दिया। पुलिस आयुक्त ने शिवभक्तों का अभिनन्दन करते हुए उनके मंगलमय, सुखद एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा की कामना की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी श्रद्धालुओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए पूरी तत्परता के साथ ड्यूटी का निर्वहन किया गया।
कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। उन्होंने कांवड़ियों की आवाजाही, यातायात संचालन, पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए तथा श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त महोदय ने कांवड़ यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी ड्यूटी एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनकी आवश्यकताओं में सहयोग करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तत्परता से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगातार भ्रमण एवं निगरानी बनाए रखी जाए और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा पुलिस की प्राथमिकता
कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रमुख कांवड़ मार्गों, मंदिरों, शिविरों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल उसका समाधान कराया जाए। पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर धवल जायसवाल, पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिण्डन जोन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस का उद्देश्य हैं कि कांवड़ यात्रा-2026 में प्रत्येक शिवभक्त सुरक्षित एवं सुगम यात्रा कर अपने गंतव्य तक पहुंचे तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा, सुविधा एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








