
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के नगर जोन अंतर्गत थाना वेव सिटी व थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में रमजान एवं आगामी होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से व्यापक पुलिस गतिविधियां संचालित की गईं। प्रियाश्री पाल, सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी द्वारा थाना वेव सिटी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त करते हुए संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं मुख्य मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई। आमजन से संवाद कर उन्हें शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई तथा सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। वहीं, शुक्रवार को थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक परिसर में सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धार्मिक प्रतिनिधियों एवं व्यापारी वर्ग के लोगों ने भाग लिया। सभी से त्यौहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और कानून-व्यवस्था के दायरे में रहकर मनाने की अपील की गई। इसके उपरांत थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस बल के साथ क्षेत्र में रूट मार्च भी किया गया। रूट मार्च के दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई हैं। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा हैं और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया गया हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








