

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। आगामी होली पर्व एवं रमजान के दृष्टिगत क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय द्वारा दो अलग-अलग थानों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। शुक्रवार को थाना विजय नगर परिसर में आयोजित बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं व व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया गया। एसीपी ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं, शनिवार को थाना कोतवाली नगर में भी इसी क्रम में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसीपी उपासना पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बैठकों में मौजूद लोगों ने भी पुलिस प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति बनाए रखने का संकल्प लिया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








