![]()
![]()
![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। मुरादनगर क्षेत्र के ऑर्डिनेंस फैक्ट्री गेट से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देना रहा। दौड़ की शुरुआत ऑर्डिनेंस फैक्ट्री गेट से हुई और यह दिल्ली–मेरठ रोड स्थित अंबेडकर पार्क तक चली। लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी इस दौड़ में मुरादनगर के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, पुलिसकर्मी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके साथ ही सभी विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों ने भी एकजुट होकर कार्यक्रम में भागीदारी की। पूरे मार्ग पर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। प्रतिभागियों ने ‘जय श्री राम’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से माहौल को जोश और देशभक्ति से भर दिया। वहीं, कार्यक्रम का समापन अंबेडकर पार्क पर हुआ, जहां सभी ने राष्ट्रीय एकता की शपथ लेकर देश की अखंडता और समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर थाना मुरादनगर प्रभारी अंकित चौहान, सभी चौकी प्रभारी, उप निरीक्षक, पत्रकार बंधु और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









