

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद को बड़ी सफलता हाथ लगी हैं। स्वाट टीम क्राइम ब्रांच व पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान अनिल दुजाना गिरोह के कुख्यात सदस्य व ₹50,000 के इनामी अपराधी बलराम पुत्र श्याम सिंह निवासी रोगन थाना जहांगीराबाद, बुलंदशहर को ढेर कर दिया। बलराम पर रंगदारी, लूट, हत्या, डकैती व गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 83 मुकदमे दर्ज थे।
रंगदारी मांगने का खेल
बता दें कि बलराम हाल ही में थाना मसूरी, सिहानीगेट और कविनगर क्षेत्र के व्यापारियों से रंगदारी की मांग कर रहा था। • 9 जुलाई 2025 को मसूरी क्षेत्र के एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी से ₹25 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। • 13 जुलाई को कारोबारी का अपहरण कर दुजाना गांव ले जाकर बंधक बनाकर ₹2 लाख व 15 तोले सोना वसूला गया। • 17 सितम्बर को सिहानीगेट क्षेत्र के एक मिष्ठान व्यापारी से ₹50 लाख और कविनगर क्षेत्र के एक व्यापारी से ₹25 लाख की रंगदारी मांगी गई।
इसके बाद तीन अलग-अलग थानों—मसूरी, सिहानीगेट व कविनगर—में बलराम के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।
मुठभेड़ का घटनाक्रम
आपको बता दें कि पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गोड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 सितम्बर 2025 को मुखबिर की सूचना पर डासना रघुनाथपुर रोड पर घेराबंदी की गई। शाम करीब 7:50 बजे एक ग्रे बलेनो कार आते देख पुलिस ने रोकने का इशारा किया। कार सवार बदमाशों ने उतरते ही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसमें अपर पुलिस उपायुक्त अपराध पीयूष सिंह, स्वाट प्रभारी अनिल राजपूत सहित तीन पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हुए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बलराम घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी हैं। हालांकि, पुलिस को इनामी बदमाश बलराम के पास से ग्रे बलेनो कार, 3 अवैध हथियार (पिस्टल PX-3, इंग्लिश रिवॉल्वर .45 बोर, पिस्टल 30 बोर), 12 जिंदा कारतूस, 22 खोखा कारतूस, बुलेटप्रूफ जैकेट, मोबाइल फोन (जिससे रंगदारी कॉल की जाती थी) और नकदी ₹10,350 बरामद हुई हैं।
अपराध जगत में सक्रियता
बलराम अनिल दुजाना गिरोह का सक्रिय सदस्य था। अनिल दुजाना के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद गिरोह की कमान उसी ने संभाल रखी थी। वह थाना जहांगीराबाद का मजारिया हिस्ट्रीशीटर था, जिसका हिस्ट्रीशीट क्रमांक 183-A हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









