||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के थाना वेव सिटी पुलिस ने चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए 2 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में छीनी गई पीली धातु की चैन, लॉकेट, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी की मोटरसाइकिल व 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घटना का विवरण
आपको बता दें कि 15 सितंबर को वादिया द्वारा थाना वेव सिटी पर तहरीर दी गई थी कि दो अज्ञात युवक उनके गले से चैन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए धारा 304(2) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया और टीम गठित कर जांच शुरू की। इसी कड़ी में दो दिन बाद थाना वेव सिटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जयपुरिया ग्रीन्स सोसायटी लालकुंआ के पास से अभियुक्त बादल पुत्र अशोक यादव (निवासी क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद) तथा क्रिश पुत्र गोपाल (निवासी गिरधरपुर, गौतमबुद्धनगर) को गिरफ्तार किया। जिनके पास से पुलिस को 1 पीली धातु की चैन, 1 पीली धातु का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल Splendor UP14EZ4711 (काला रंग), चोरी की मोटरसाइकिल Splendor UP81DQ4071 (काला रंग) और 2 मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि अभियुक्तगण ने स्वीकार किया कि वे अपने साथी हिमांशु उर्फ चिराग के साथ मिलकर चोरी व छिनैती की वारदातें करते थे। चोरी का माल बिशन ज्वैलर्स, शांति नगर, विजयनगर की दुकान पर रोहित कुमार पुत्र पप्पू को बेचते थे। अभियुक्त क्रिश ने बताया कि घटना वाली महिला उसी के गांव गिरधरपुर की रहने वाली थी और वह काफी समय से उसका पीछा कर रहा था। मौका पाकर अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास
1. बादल पुत्र अशोक यादव (उम्र 24 वर्ष): इस पर दर्ज 18 मुकदमे विभिन्न जनपदों में हैं, जिनमें चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट और 307 जैसी गंभीर धाराएँ शामिल हैं। 2. क्रिश पुत्र गोपाल (उम्र 24 वर्ष): इस पर धारा 304(2)/317(2) BNS का मुकदमा दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









