

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के थाना लिंक रोड क्षेत्र में रविवार को एक बड़ी मुठभेड़ के दौरान दो कुख्यात अपराधियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस पर जानलेवा हमला भी किया गया, लेकिन बहादुरी से जवाब देते हुए पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
हत्या के प्रयास मामले में अभियुक्तों की पहचान
यह कार्रवाई थाना लिंक रोड पर दर्ज मुक़दमा संख्या 18 जून 2025 को वादी अमित किशोर जैन निवासी रामप्रस्था कॉलोनी, गाज़ियाबाद पर हुए जानलेवा हमले की विवेचना के दौरान की गई। पुलिस जांच में दो नाम सामने आए: जिसमें अभियुक्त अश्वनी उर्फ दिलावर पुत्र श्यौराज निवासी अम्बेडकर नगर, भूड, थाना कोतवाली नगर, जनपद बुलन्दशहर और अभियुक्त अमित यादव पुत्र चतर पाल निवासी शाहपुर बम्हैटा, थाना वेवसिटी, गाज़ियाबाद पाए गए।
बरामदगी के दौरान हमला, पुलिस की जवाबी कार्रवाई
एसीपी साहिबाबाद श्वेता कुमारी यादव के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल की बरामदगी की बात स्वीकार की। जब पुलिस टीम बाइक की बरामदगी के लिए कौशाम्बी बस अड्डे के पीछे पहुंची, तो अमित यादव ने मौका पाकर पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अमित यादव के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसी क्रम में अश्वनी उर्फ दिलावर द्वारा ब्रजविहार रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में छुपाए गए मोबाइल की बरामदगी कराई जा रही थी, तभी उसने भी मौके का फायदा उठाकर छिपाकर रखा गया अवैध हथियार निकाला और पुलिस पर गोली चला दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वह भी घायल हो गया। वहीं, पुलिस को पकड़े गए आरोपियों के पास से तमंचा, खोखा-कारतूस, मोबाइल फोन (घटना में प्रयुक्त) और एक मोटरसाइकिल (घटना में प्रयुक्त) भी बरामद हुई हैं।
अपराधियों का आपराधिक इतिहास: एसीपी के मुताबिक, अमित यादव के विरुद्ध थाना कविनगर, गाज़ियाबाद में 2 मुकदमे और थाना बादलपुर, नोएडा में 1 मुकदमा दर्ज हैं। वहीं, अश्वनी उर्फ दिलावर के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









