बीमा कंपनी का अधिकारी बनकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। क्राइम ब्रांच गाज़ियाबाद और थाना इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने बीमा पॉलिसी धारकों को रिन्यूअल और रिफंड का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया हैं। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, चेकबुक, एटीएम कार्ड और पॉलिसी धारकों की डाटा लिस्ट बरामद की गई हैं।

ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर करते थे फोन

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विभिन्न बीमा कंपनियों के ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर पॉलिसी धारकों को फोन करते थे। आरोपी बीमा पॉलिसी को रिन्यू कराने अथवा रिफंड दिलाने का झूठा लालच देकर पीड़ितों से अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराते थे। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह में राहुल मिर्जा समेत अन्य लोग भी शामिल हैं। पॉलिसी धारकों को कॉल करने के लिए फर्जी आईडी पर लिए गए प्री-एक्टिवेटेड सिम उपलब्ध कराने का काम पुनीत गुप्ता करता था, जबकि पॉलिसी धारकों से संबंधित डाटा और पैसे ट्रांसफर कराने की जानकारी गणेश नयाल उपलब्ध कराता था।

शिकायत होने पर बनाते थे फर्जी चेक

एसीपी क्राइम अमित सक्सेना के अनुसार, जब किसी पॉलिसी धारक को ठगी का पता चलता था और वह आरोपियों पर रकम वापस करने का दबाव बनाता था, तो आरोपी फर्जी चेक तैयार कर व्हाट्सऐप के जरिए भेज देते थे, जिससे पीड़ित को कुछ समय तक भ्रमित रखा जा सके। शिकायतकर्ता द्वारा ज्यादा दबाव बनाने पर आरोपी इस्तेमाल किए गए फर्जी सिम और मोबाइल फोन तोड़कर फेंक देते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें।

छह राज्यों में 17 ठगी की घटनाएं सामने आईं

क्राइम ब्रांच की जांच में आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन, बैंक खातों और मोबाइल में मौजूद कूटरचित बीमा पॉलिसियों से संबंधित जानकारी के आधार पर महाराष्ट्र, हरियाणा, पुडुचेरी, उत्तराखंड, तेलंगाना और राजस्थान में दर्ज कुल 17 घटनाओं का पता चला हैं। पुलिस के अनुसार, इन घटनाओं में करीब 19 लाख रुपये की ठगी से संबंधित शिकायतें NCRB पोर्टल पर दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं, उनकी पहचान: गणेश नयाल उर्फ सिड, निवासी शक्तिखंड, इंदिरापुरम, दूसरे की पुनीत गुप्ता, निवासी तिगरी, बिसरख, नोएडा और तीसरे की आदित्य शर्मा, निवासी मालीवाड़ा, नेहरू नगर, थाना सिहानी गेट, गाज़ियाबाद के रूप में हुई हैं। वहीं, आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, 1 चेकबुक, 1 एटीएम कार्ड और 1 पॉलिसी धारकों की डाटा लिस्ट बरामद हुई हैं।

आपराधिक इतिहास की जांच जारी

एसीपी क्राइम अमित सक्सेना के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही हैं। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों और ठगी से जुड़े बैंक खातों की भी जांच की जा रही हैं। पुलिस की अपील: किसी भी बीमा पॉलिसी के रिन्यूअल, रिफंड या अन्य प्रक्रिया के नाम पर फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति को बैंकिंग जानकारी, OTP या पैसे ट्रांसफर न करें। बीमा संबंधी जानकारी के लिए संबंधित कंपनी के आधिकारिक ग्राहक सेवा माध्यम से ही संपर्क करें।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें