||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना सिहानीगेट पुलिस ने आपराधिक वारदात की फिराक में घूम रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास अवैध हथियार मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। तीसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से ही पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, 10/11 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि फैक्ट्री एरिया में मोटर साइकिल सवार तीन संदिग्ध किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के बाद सिहानीगेट पुलिस ने मंगल पाण्डे मार्ग स्थित लोहियानगर सी-ब्लॉक कट के पास चेकिंग शुरू की।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि चेकिंग के दौरान मोटर साइकिल पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने मोटर साइकिल दौड़ा दी। कुछ दूरी पर मोटर साइकिल फिसलने से तीनों गिर गए। पुलिस टीम ने एक आरोपी को मौके से दबोच लिया, जबकि दो आरोपी भाग निकले। पुलिस ने दोनों का पीछा किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
एक आरोपी पर 13, दूसरे पर 4 मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों में शाहरूख उर्फ इमरान और इमरान पुत्र शहीद उर्फ सईद के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई हैं। पुलिस के अनुसार, शाहरूख उर्फ इमरान के खिलाफ हत्या, चोरी और हत्या के प्रयास समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, इमरान पुत्र शहीद उर्फ सईद के खिलाफ लूट, अवैध शस्त्र और चोरी समेत 4 मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी सोनू के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही हैं।
हथियार और मोटर साइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, एक कारतूस और दो खोखे कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटर साइकिल संख्या UP 15 FD 7747 भी बरामद की गई हैं। पुलिस का कहना हैं कि गिरफ्तार आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India