नवजात शिशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह का थाना टीला मोड़ पुलिस ने किया पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

SHARE:


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के थाना टीला मोड़ पुलिस ने नवजात एवं दुधमुंहे बच्चों का अपहरण कर उन्हें निःसंतान दंपत्तियों को मोटी रकम में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया हैं। पुलिस ने मामले में 5 अभियुक्तों और 2 अभियुक्ताओं समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही अपहृत 3 माह के नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया हैं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को फुरकान पुत्र सहरुद्दीन निवासी करन गेट ने थाना टीला मोड़ में तहरीर देकर बताया कि 9 अगस्त को उसके 3 माह के पुत्र को नौशाद और उसकी पत्नी रुकसार द्वारा अपहृत कर लिया गया हैं। तहरीर के आधार पर थाना टीला मोड़ में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। थाना टीला मोड़ पुलिस ने मैनुअल इनपुट, सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस के माध्यम से लगातार जानकारी जुटाई। मुखबिर की सूचना पर 12 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने हिंडन नदी चौकी क्षेत्र फर्रुखनगर से गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।

पूछताछ में सामने आया गिरोह का तरीका

पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने नवजात एवं दुधमुंहे बच्चों के अपहरण और उनकी बिक्री के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी हैं। आरोपियों के अनुसार, गिरोह के सदस्य योजनाबद्ध तरीके से ऐसे परिवारों को निशाना बनाते थे, जिनके घर में नवजात या छोटा बच्चा हो। गिरोह की महिलाएं परिवारों में घुल-मिलकर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाती थीं। मौका मिलते ही बच्चे को अपने साथ ले जाया जाता था। इसके बाद बच्चे का फोटो खींचकर व्हाट्सएप के माध्यम से गिरोह के अन्य सदस्यों को भेजा जाता और निःसंतान दंपत्तियों से सौदा तय किया जाता था। बच्चे की बिक्री से प्राप्त रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक, इसी योजना के तहत 9 अगस्त को फुरकान के 3 माह के बच्चे का अपहरण किया गया था। बच्चे को कांधला, शामली निवासी मौसीना पत्नी नफीस को बेचने की बात चल रही थी। बच्चे को सितारा के माध्यम से कांधला ले जाया जा रहा था, तभी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह अपनी पहचान और गतिविधियों को छिपाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलकर बच्चों की तस्करी करता था।

गिरफ्तार अभियुक्त

पुलिस ने ऐनुल, नौशाद, नागेन्द्र उर्फ सुक्का, नसीम, आबिद, सुमित्रा और रुकसार को गिरफ्तार किया हैं। मामले में सितारा पत्नी सहजाद और मौसीना पत्नी नफीस को वांछित बताया गया हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध इस मामले में एक अभियोग पंजीकृत हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें