||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस ने हत्या की एक घटना का अल्प समय में सफल अनावरण करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल कैंची भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, सोमवार को वादी द्वारा थाना ट्रोनिका सिटी पर तहरीर दी गई थी कि उसके भाई अनवेश की ट्रोनिका सिटी स्थित फैक्ट्री में कैंची से हत्या कर दी गई हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया। मैनुअल इनपुट एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी सर्वेश दर्जी पुत्र लल्लू सिंह, मूल निवासी ग्राम बरौली, थाना बागवाला, जनपद एटा तथा हाल निवासी बुद्ध बाजार, पूजा कॉलोनी, थाना ट्रोनिका सिटी, उम्र करीब 38 वर्ष को हनुमान चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कैंची भी बरामद की गई।
लड़की को लेकर थी रंजिश
एसीपी लोनी रामकिशन राना ने जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह करीब चार वर्षों से ट्रोनिका सिटी स्थित रेडीमेड गारमेंट्स फैक्ट्री में काम कर रहा था। मृतक अनवेश भी उसी फैक्ट्री में कार्यरत था और कर्मचारियों को काम बताता था। आरोपी के अनुसार, दिसंबर 2025 में फैक्ट्री में एक युवती काम करने आई थी। आरोपी उससे दोस्ती करना चाहता था। उसका आरोप हैं कि जब भी वह युवती उसके पास खड़ी होती थी, अनवेश उसे वहां से हटा देता था और युवती के सामने उसे अपमानित करता था। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में अनवेश के प्रति नफरत पैदा हो गई और उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली। आरोपी ने बताया कि सोमवार, 10 अगस्त को करीब 3 बजे वह फैक्ट्री के प्रथम तल स्थित कटिंग सेक्शन में पहुंचा, जहां अनवेश अकेला लेटा हुआ था। मौका देखकर उसने कपड़ा काटने के लिए रखी कैंची से अनवेश के सिर और गले पर कई वार किए। घटना के दौरान आरोपी की उंगली भी कट गई। इसके बाद वह कैंची अपने साथ ले गया और भगत सिंह चौक से गेट नंबर-2 की ओर जाने वाले रास्ते में झाड़ियों में छिपा दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध थाना ट्रोनिका सिटी पर अभियोग पंजीकृत किया गया हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








