
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में फ्लैट ओनर फेडरेशन गाज़ियाबाद की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में फेडरेशन के चेयरमैन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने शहर की प्रमुख समस्याओं और समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
फेडरेशन की ओर से सुझाव दिया गया कि फैक्ट्रियों में ईटीपीएस (Effluent Treatment Plants) के संचालन की जांच के लिए सिविल सोसाइटी को अधिकार दिए जाएं। साथ ही, शहर में सुविधाओं के त्वरित समाधान हेतु ‘क्यूआरटी कल्चर’ (क्विक रिएक्शन टीम) की स्थापना की मांग की गई।
इसके अलावा, यूपी अपार्टमेंट बाय लॉस की धारा 48 के तहत फेडरेशन को हाउसिंग सोसायटी के आपसी विवादों और चुनाव संचालन की जिम्मेदारी देने का भी प्रस्ताव रखा गया। कर्नल त्यागी ने यह भी सुझाव दिया कि नए बहुमंजली निर्माण पर रोक लगे और जनपद में अधिक से अधिक फुटबॉल मैदान विकसित किए जाएं ताकि युवाओं में टीम भावना और नेतृत्व कौशल विकसित हो।
बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और कहा कि संबंधित विभागों व फेडरेशन के साथ समन्वय बनाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अलग से बैठक आयोजित कर ठोस कदम उठाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने यह भी आश्वासन दिया कि महामाया स्टेडियम में खेलों और स्विमिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। वहीं, बैठक में एडीएम सिटी गम्भीर सिंह, डीआईओ वाई.पी. सिंह समेत फेडरेशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









