
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। क्राइम ब्रांच पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद और थाना भोजपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास और लूट की वारदातों में शामिल तीन शातिर आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया हैं। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ हैं, जबकि दो अन्य को मौके से दबोच लिया गया। इनके कब्जे से अवैध असलहे और लूट की नगदी बरामद की गई हैं।
आपको बता दें कि 26/27 मार्च 2025 की रात ग्राम अमराला में रजनीश शर्मा अपनी पत्नी और बहन के साथ टहल रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें लूटने की कोशिश की और विरोध करने पर गोली मार दी। महिलाओं से कान के कुंडल भी लूट लिए गए। इसी रात अजीत कुमार को भी गोली मारी गई और नगला बैर मढैया गांव में एक महिला के कुंडल छीन लिए गए थे। पुलिस ने इन वारदातों के बाद विशेष टीम गठित की और जांच तेज़ की गई। इस दौरान 13/14 अप्रैल की रात क्राइम ब्रांच और भोजपुर पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ में इस पंखया गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे:
दरअसल, गिरफ्तार अभियुक्त भारत, पदम उर्फ विष्णु और अन्य ने बताया कि वे शाहजहांपुर के निवासी हैं और मेलों में चीनी मिट्टी के बर्तन बेचने की आड़ में देशभर में घूमकर वारदातों को अंजाम देते हैं। घटना से पहले क्षेत्र में फेरी लगाकर रैकी करते हैं और रात में हथियारों के साथ लूट/डकैती करते हैं। विरोध मिलने पर गोली मार देते हैं।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी के अनुसार, पुलिस को पूछताछ में यह भी पता चला कि घटना वाली रात यह गिरोह सीकरी मोदीनगर मेले के बहाने आया था। अमराला गांव में लूट के बाद यह लोग नगलाबैर की ओर बढ़े और वहां भी एक महिला से कुंडल छीनकर फरार हो गए थे।
पुलिस की कार्रवाई जारी:
डीसीपी के मुताबिक, पुलिस को अब फरार चल रहे अभियुक्त अवतार की तलाश हैं, जिसके लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। वहीं, गाज़ियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई ने न सिर्फ इलाके में खौफ फैलाने वाले अपराधियों को पकड़ने में सफलता दिलाई, बल्कि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में भी एक बड़ी कामयाबी हासिल की हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









