निटरा में राष्ट्रीय सम्मेलन, सुरक्षात्मक वस्त्रों में नवाचार पर मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद स्थित Northern India Textile Research Association (NITRA) में एक दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसका विषय “सुरक्षात्मक वस्त्रों में नवाचार (Innovations in Protective Textiles)” रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री Giriraj Singh और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री Rakesh Sachan ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर मंत्रियों ने निटरा के महानिदेशक डॉ. एम.एस. परमार के साथ ऑक/अकौआ (मिल्कवीड) की खेती का निरीक्षण किया और इसकी प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने वैज्ञानिकों और पत्रकारों से बातचीत करते हुए इस नवाचार को प्रधानमंत्री Narendra Modi के “स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत” के विज़न को साकार करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं, कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें केवीआईसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रूप राशी, संयुक्त सचिव मनीषा चटर्जी, निटरा चेयरमैन विदित जैन, डिप्टी चेयरमैन संदीप होरा और महानिदेशक डॉ. एम.एस. परमार उपस्थित रहे। अपने स्वागत भाषण में डॉ. परमार ने देशभर से आए उद्योगपतियों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मेलन सुरक्षात्मक वस्त्रों के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को नई दिशा देगा।

वहीं, चेयरमैन विदित जैन ने निटरा की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए अनुसंधान कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मंत्रियों द्वारा डॉ. परमार की मिल्कवीड पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया तथा CLOCellTM नामक डॉक्यूमेंट्री भी रिलीज़ की गई। इसे किसानों और नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण जानकारी का स्रोत बताया गया। अपने संबोधन में राकेश सचान ने कहा कि यह परियोजना न केवल गाजियाबाद बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और राज्य सरकार हर स्तर पर निटरा और डॉ. परमार के साथ खड़ी हैं। वहीं, गिरिराज सिंह ने निटरा के अनुसंधान कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मिल्कवीड की खेती किसानों के लिए कम लागत में अधिक आय का माध्यम बन सकती हैं।

कार्यक्रम में निटरा द्वारा विकसित स्वदेशी मशीन “मिल्कवीड फ्लोस और सीड सेपरेटर” का भी अनावरण किया गया, जो बीज और रेशे को अलग करने में सहायक हैं। इसके बाद तकनीकी सत्रों का आयोजन हुआ, जिसमें देशभर के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और उद्योगपतियों ने भाग लेकर अपने शोध साझा किए और सुरक्षात्मक वस्त्रों के भविष्य पर चर्चा की। अंत में डॉ. एम.एस. परमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में ऐसे और आयोजनों की प्रतिबद्धता जताई तथा वस्त्र मंत्रालय और एनटीटीएम के मिशन डायरेक्टर अशोक मल्होत्रा का विशेष आभार व्यक्त किया।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें