||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। जनपद गाज़ियाबाद में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 15 से 17 अप्रैल तक तीन दिवसीय विशेष चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि यह शिविर प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से विकास भवन परिसर, गाज़ियाबाद में आयोजित होगा। शिविर का आयोजन भारत सरकार की संस्था ALIMCO के सहयोग से किया जा रहा हैं, जिसमें दिव्यांगजनों का चिन्हांकन ADIP योजना के तहत और वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों के लिए मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल (80% या उससे अधिक दिव्यांगता और 16 वर्ष से अधिक आयु वाले), ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), बैसाखी, वॉकर, ब्रेल किट, कृत्रिम हाथ-पैर (जापानी तकनीक आधारित) और कैलिपर्स (KFO, AKFO, HKAFO) जैसे उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा। वहीं, 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत व्हीलचेयर, कमोड चेयर, वॉकर, छड़ी, सर्वाइकल कॉलर, स्पाइनल सपोर्ट, नी-ब्रेस, श्रवण यंत्र और अन्य सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए आवेदक की आयु 16 वर्ष से अधिक और दिव्यांगता 80% या उससे अधिक होना जरूरी हैं। अन्य उपकरणों के लिए आयु सीमा अनिवार्य नहीं हैं। दोनों योजनाओं के लिए परिवार की वार्षिक आय ₹1,80,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए।
दिव्यांगजनों को आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड और आय प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। आय प्रमाण पत्र सक्षम अधिकारी द्वारा जारी होना चाहिए या ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम प्रधान तथा शहरी क्षेत्र में वार्ड सदस्य द्वारा जारी प्रमाण पत्र भी मान्य होगा। अधिकारी ने बताया कि यह केंद्र सरकार की योजना है, इसलिए आसपास के जनपदों के पात्र लाभार्थी भी शिविर में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान के मोबाइल नंबर 8791491011 पर व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। लिहाज, सभी पात्र दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक निर्धारित तिथियों पर समय से पहुंचकर इस शिविर का लाभ उठाएं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








