

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना अंकुर विहार क्षेत्र में होली के दिन दबंगों द्वारा मारपीट, महिलाओं से बदसलूकी और हथियार लहराने का मामला सामने आया हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। मिली जानकारी के अनुसार बीबी/19, डीएलएफ अंकुर विहार निवासी पूजा मुखर्जी ने थाना अंकुर विहार में दी तहरीर में बताया कि 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने परिवार के साथ होली मना रही थीं। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और सीमा के पति राकेश दास के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप हैं कि हमलावरों ने वहां मौजूद महिलाओं के साथ गाली-गलौज, बदसलूकी और मारपीट भी की। तहरीर के मुताबिक, आरोपियों में अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी नाम के युवक शामिल हैं, जबकि अन्य लोगों की पहचान नहीं हो सकी हैं, कुछ की इस सब मामले में भूमिका पता लगाई जा रही हैं। आरोप हैं कि कुछ युवकों ने पिस्टल निकालकर तान दी और कुछ के पास तलवार भी थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान निखिल नाम के युवक को बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसके सिर में चोट आई हैं। पीड़िता का कहना हैं कि घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने सीमा के कपड़े फाड़कर उसके साथ बदसलूकी की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 74, 76, 351(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। मामले की जांच उपनिरीक्षक शिवानी शोकवाल को सौंपी गई हैं।
2 आरोपी गिरफ्तार, रात में थाने पर पहुंचा था हिंदू रक्षा दल
इस घटना के बाद पुलिस ने अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी को गिरफ्तार कर शांति व्यवस्था भंग करने की कार्रवाई की। इसके बाद उसी रात करीब 10 बजे हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी अपने समर्थकों और संगठन के दर्जनों पदाधिकारियों के साथ थाना अंकुर विहार पहुंच गए थे और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया था। आरोप हैं कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने धर्म के नाम पर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की और प्रभारी निरीक्षक अपराध नीरज कुमार अत्री, उपनिरीक्षक शिवम गुप्ता तथा उपनिरीक्षक मनोज के साथ अभद्रता भी की थी। पुलिस के अनुसार, घटना के समय मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने शांति व्यवस्था भंग करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और आपराधिक बल का प्रयोग भी किया था। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए हंगामा कर रहे दो लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की और उन्हें जेल भेज दिया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना हैं कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा हैं। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही हैं और सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, तहरीर और बयानों के आधार पर आगे की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों से डरी पीड़िता
वहीं, पीड़ित महिला और उसके परिजनों का कहना हैं कि घटना के बाद उन्हें सोशल मीडिया आदि के माध्यम से धमकियां दी जा रही हैं और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे वे भयभीत हैं। पीड़िता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की हैं।
इस संबंध में एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








