||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। बृहस्पतिवार को थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि/बीमा लोकपाल बनकर लोगों को ठगने वाले गैंग के सदस्य सोनू कुमार उर्फ सूखा को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया हैं।
36 लाख की ठगी का मामला
एसीपी क्राइम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, गाज़ियाबाद निवासी महीपाल बिष्ट से परिपक्व (Matured) बीमा पॉलिसी के पैसों से बिटकॉइन खरीदने के नाम पर करीब ₹36 लाख की साइबर ठगी की गई थी। इस मामले में थाना साइबर क्राइम पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस गैंग के अन्य सदस्यों विकास कुमार, रवि प्रताप, नवीन प्रताप सिंह, अनुज और गुंजन को पुलिस ने 9 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, फरार सदस्यों सोनू कुमार, मनोज कुमार और अमन कुमार की तलाश की जा रही थी।
गैंग का तरीका
एसीपी क्राइम के मुताबिक, गैंग के सदस्य खुद को बीमा कंपनी का प्रतिनिधि या बीमा लोकपाल बताकर कॉल करते थे। बीमा पॉलिसी में अधिक मुनाफा देने, Matured Policy के पैसों से बिटकॉइन खरीदने, ऑनलाइन टास्क कम्पलीट कराने और होटल बुकिंग के नाम पर खातों में पैसा ट्रांसफर कराकर ठगी की जाती थी।
पूछताछ में खुलासा
एसीपी के तहत, गिरफ्तार अभियुक्त सोनू कुमार उर्फ सूखा ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात गैंग के मुख्य सदस्यों रवि प्रताप और नवीन प्रताप से हुई थी। उन्होंने उसे 10% कमीशन का लालच देकर उसके बैंक खातों का इस्तेमाल फ्रॉड के पैसों की लेन-देन में किया। अभियुक्त ने 3 बैंक खाते खुलवाकर उनकी चेकबुक, एटीएम और लिंक मोबाइल नंबर गैंग को दे दिए थे। उसके खातों में करीब 22 लाख रुपये साइबर ठगी के ट्रांजेक्शन के रूप में आए थे। पहले भी वह फिरौती के एक मामले में जनपद इटावा से जेल जा चुका हैं।
आरोपी का विवरण
बता दें कि पुलिस को पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनू कुमार उर्फ सूखा पुत्र राजू कुमार निवासी बगीया अड्डा कुकपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, जनपद इटावा के रूप में हुई हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









