
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त गाज़ियाबाद के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने और घायलों को समय पर प्रभावी राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 अगस्त 2025 को पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में सेव लाइफ फाउंडेशन की विशेषज्ञ टीम द्वारा “जीवन रक्षक कार्यक्रम” के अंतर्गत प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने किया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रथम/द्वितीय सहित कुल 45 यातायात पुलिस अधिकारी (निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक) ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। फाउंडेशन के सीईओ एवं संस्थापक पीयूष तिवारी और उनकी विशेषज्ञ टीम ने सड़क दुर्घटना के दौरान गोल्डन ऑवर के महत्व, गुड सेमेरिटन कानून और प्राथमिक उपचार की सावधानियों पर जानकारी दी। प्रतिभागियों को सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया तथा दुर्घटनाओं में अंग भंग की स्थिति में बरती जाने वाली प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने जोर दिया कि किसी भी प्राथमिक उपचार से पहले स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक हैं। शेष यातायात कर्मियों को आगामी चरणों में यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। उल्लेखनीय हैं कि भारत में सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें समय पर प्राथमिक उपचार न मिलने के कारण होती हैं। चूँकि पुलिस सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचती हैं, ऐसे में उनका प्रशिक्षित होना दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं कानून व्यवस्था), सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रथम/द्वितीय, सेव लाइफ फाउंडेशन की प्रशिक्षक टीम तथा यातायात पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









