
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक महत्वपूर्ण और अभिनव कदम उठाया गया हैं। 7 जुलाई 2025 को पुलिस आयुक्त द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें जनता की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
सम्पूर्ण जनपद के अधिकारी हुए शामिल
इस वर्चुअल जनसुनवाई में कमिश्नरेट के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और थाना प्रभारी (SHO) स्तर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे। इसका मुख्य उद्देश्य जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निस्तारण को सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस आयुक्त के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान पुलिस आयुक्त ने न केवल प्राप्त शिकायतों व सुझावों को गंभीरता से सुना, बल्कि हर शिकायत पर गुणवत्तापूर्ण और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त फीडबैक को प्राथमिकता पर लेते हुए कार्यवाही की जाए तथा थानों में पारदर्शिता व उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत किया जाए।
रियल टाइम समाधान की पहल
इस प्रक्रिया की सबसे अहम विशेषता यह रही कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत पर रियल टाइम में संबंधित अधिकारी द्वारा जवाब भी दिया गया। इससे शिकायतकर्ता को आश्वस्ति मिली कि उसकी बात को गंभीरता से लिया गया हैं और कार्यवाही प्रक्रिया शुरू हो चुकी हैं।
पुलिस-जन समन्वय की दिशा में मजबूत कदम
पुलिस आयुक्त द्वारा शुरू की गई यह पहल पुलिस और जनता के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही हैं। इससे न केवल पुलिसिंग में पारदर्शिता आएगी बल्कि प्रत्येक नागरिक को यह विश्वास भी मिलेगा कि उसकी आवाज सुनी जा रही हैं और उसका समाधान प्राथमिकता पर किया जा रहा हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









