Search
Close this search box.

कांवड़ यात्रा 2025: मुरादनगर पुलिस ने शिविर संचालकों को दिए खास निर्देश, सुरक्षित आयोजन की तैयारी जोरों पर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा 2025 के सफल और सुरक्षित संचालन को लेकर मुरादनगर पुलिस ने कमर कस ली हैं। इसी क्रम में एसीपी मसूरी लिपि नगायच की अध्यक्षता और थाना प्रभारी अंकित चौहान की मौजूदगी में थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविर संचालकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों ने मिलकर यात्रा की तैयारी पर चर्चा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

शिविरों को लेकर स्पष्ट निर्देश

एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि सभी शिविर संचालकों को पहचान पत्र जारी किए गए हैं। साथ ही निर्देश दिया गया हैं कि शिविर मुख्य मार्ग से कम से कम 4 से 5 मीटर भीतर लगाए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था पर असर न पड़े। इसके अलावा रात में निगरानी के लिए नाइट विजन कैमरों की संख्या बढ़ाने का भी सुझाव दिया गया।

स्वयंसेवी टीमें और डिजिटल मॉनिटरिंग

बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक शिविर में 10-12 स्वयंसेवकों की टीम गठित की जाए, और सभी टीमों का एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। इस ग्रुप की निगरानी दो पुलिसकर्मी 12-12 घंटे की शिफ्ट में करेंगे (सुबह 4 बजे से शाम 4 बजे तक), ताकि किसी भी आपात स्थिति की तुरंत जानकारी मिल सके। साथ ही, शिविरों में कार्यरत सभी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन कराना और उनकी पहचान-पत्र (ID Proof) पुलिस को सौंपना अनिवार्य किया गया हैं।

संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी

पुलिस ने यह भी निर्देश दिया कि अगर कोई श्रद्धालु 24 घंटे से अधिक समय तक एक ही स्थान पर रुका हो और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगें, तो तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए। इसके साथ ही आयोजकों को भीड़ प्रबंधन हेतु श्रद्धालुओं को नियमित रूप से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

मूलभूत सुविधाओं पर जोर

बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि शिविरों में बिजली, साफ पानी और वेंटिलेशन की पूरी व्यवस्था हो। पुलिस और आयोजकों ने विशेष तौर पर ध्यान दिलाया कि बारिश व उमस के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से श्रद्धालुओं को बचाने के लिए यह सुविधाएं बेहद जरूरी हैं।

गंगनहर की जलधारा में बदलाव

थाना मुरादनगर पुलिस ने जानकारी दी कि 20 से 25 जुलाई के बीच “छोटा हरिद्वार” कहे जाने वाले गंगनहर क्षेत्र में पानी की गति धीमी कर दी जाएगी, ताकि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सभी पक्षों की सक्रिय सहभागिता

बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़े शिविर संचालक, सामाजिक कार्यकर्ता और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने यह सुनिश्चित किया कि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा को पूरी तरह से सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!