विवेचनाधीन मामलों और गुमशुदगी से जुड़े वादियों को बुलाकर दी गई प्रकरण की प्रगति की जानकारी, सवालों के दिए गए तथ्यात्मक जवाब
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। जनता को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के सभी थानों पर बुधवार को ‘वादी संवाद दिवस’ आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में लागू वादी संवाद नीति के तहत प्रत्येक बुधवार को यह आयोजन किया जाता हैं। इसी क्रम में 23 सितंबर 2026, बुधवार को कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के नगर, ट्रांस हिंडन और ग्रामीण जोन के सभी थानों पर वादी संवाद दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विवेचनाधीन मामलों से संबंधित वादियों तथा गुमशुदगी के मामलों से जुड़े लोगों को थानों पर आमंत्रित किया गया।
विवेचकों से सीधे किया संवाद
वादी संवाद दिवस के दौरान संबंधित विवेचकों ने वादियों से सीधे संवाद किया और उनके मामलों की वर्तमान स्थिति एवं विवेचना की प्रगति के बारे में जानकारी दी। वादियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों ने उचित, तथ्यात्मक एवं संतोषजनक उत्तर देने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इस पहल का प्रमुख उद्देश्य वादी और पुलिस के बीच सार्थक संवाद स्थापित करना हैं, ताकि लोगों को अपने प्रकरण की स्थिति की जानकारी समय पर मिल सके और विवेचना को लेकर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न रहे।
219 वादियों ने थानों पर पहुंचकर किया संवाद
23 सितंबर को आयोजित वादी संवाद दिवस में कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के तीनों जोन में कुल 219 वादी संवाद के लिए थानों पर पहुंचे। वहीं, आंकड़ों के अनुसार ट्रांस हिंडन जोन में 84, ग्रामीण जोन में 69 और नगर जोन में 66 वादियों ने संबंधित थानों पर पहुंचकर पुलिस के साथ संवाद किया।
पारदर्शिता और विश्वास बढ़ाने पर जोर
गाज़ियाबाद पुलिस के अनुसार वादी संवाद दिवस का उद्देश्य केवल मामलों की प्रगति बताना ही नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच पारदर्शिता, विश्वास एवं बेहतर समन्वय स्थापित करना भी हैं। विवेचनाधीन एफआईआर/एनसीआर तथा गुमशुदगी के मामलों में संबंधित वादियों को उनके प्रकरण से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही उनकी समस्याओं और सवालों को सुनकर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जवाब दिए गए।
जनकेंद्रित पुलिसिंग की दिशा में पहल
पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद का कहना हैं कि ‘वादी संवाद दिवस’ जन सरोकार आधारित पहल हैं, जिसका उद्देश्य प्रत्येक वादी को उसके प्रकरण की सही और समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराना तथा न्याय की प्रक्रिया में विश्वास और संतोष को मजबूत करना हैं। पुलिस के मुताबिक, नियमित रूप से आयोजित होने वाला यह संवाद पुलिस और जनता के बीच आपसी सहयोग एवं विश्वास को मजबूत करने में सहायक होगा। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा जनकेंद्रित पुलिसिंग के दृष्टिगत भविष्य में भी इसी प्रकार के नवाचार और प्रयास जारी रखने की बात कही गई हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India
